कलेक्ट्रेट परिसर में बुधवार को घोरावल ब्लॉक के पठका गांव के ग्रामीणों ने प्राचीन शिव मंदिर से मूर्ति और घंटा गायब होने के विरोध में प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर जल्द घटना का खुलासा करने और कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि भगवनियां तालाब के पास स्थित प्राचीन शिव मंदिर में शिव, पार्वती समेत अन्य देवी-देवताओं की मूर्तियां स्थापित थीं। मंदिर की देखरेख और पूजा-पाठ श्याम लाल गिरि करते हैं। चार अक्तूबर की सुबह ग्रामीणों को मंदिर से मूर्तियां और घंटा गायब होने की जानकारी मिली। इसके बाद 112 नंबर और पुलिस अधिकारियों को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई का आश्वासन दिया था।
ग्रामीणों का कहना है कि घटना के तीन दिन बाद भी मामले का खुलासा नहीं हो सका है। उन्होंने प्रशासन से 11 अक्तूबर तक घटना का स्पष्ट खुलासा करने की मांग की है। चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं होने पर 12 अक्तूबर को घोरावल-रॉबर्ट्सगंज मुख्य मार्ग पर धरना-प्रदर्शन कर जाम लगाया जाएगा। इस मौके पर आनंद राज पाठक, जनार्दन पाठक, अजय कुमार पाठक, रोशन कुमार पाठक, श्याम बिहारी पाठक, नीरज कुमार पाठक, अंकित मिश्रा, जितेंद्र कुमार, बृजमोहन पांडेय, लक्ष्मीकांत पाठक, अशोक कुमार, राजेश कुमार दुबे, धीरज कुमार पाठक आदि मौजूद रहे।