अति नक्सल प्रभावित क्षेत्र नगवां ब्लॉक अंतर्गत कजियारी से धोबी-मांची संपर्क मार्ग पर एक साल पूर्व कराए गए काम की बकाए मजदूरी की मांग को लेकर रविवार को ग्रामीणों ने विरोध-प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने संबंधित ठेकेदार पर एक-एक माह की मजदूरी न देने का आरोप लगाया। कहा कि अगर शीघ्र मजदूरी का भुगतान नहीं कराया जाता तो आंदोलन किया जाएगा।
ग्रामीणों इंद्रावती देवी, प्रेमा देवी, लालती देवी, रजवंती और मीना देवी ने कहा कि एक साल पूर्व सड़क पर मिट्टी का कार्य कराया गया, लेकिन ठेकेदार ने उनकी मजदूरी नहीं दी।
कहा कि फिर से इस सड़क पर कार्य कराया जाने लगा इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सीताराम, कुसुम, राजेंद्र यादव, राजनरायन, ओम प्रकाश सिंह, रामकेवल ने कहा कि वर्ष 2013-14 में कजियारी से सूअरसोत-धोबी तक जाने के लिए संपर्क मार्ग का निर्माण मनरेगा से मिट्टी का काम कराया गया था।
एक-एक माह की मजदूरी बकाया है, लेकिन उसका आज तक भुगतान नहीं किया गया। ग्रामीणों ने कहा कि इसकी शिकायत पूर्व में विभाग और डीएम से की गई थी। डीएम ने मजदूरी के भुगतान कराए जाने का आश्वासन दिया था, लेकिन आज तक बकाया मजदूरी नहीं मिली। कहा कि अगर शीघ्र मजदूरी का भुगतान नहीं कराया जाता तो आंदोलन किया जाएगा।