सोनभद्र। सदर कोतवाल रहे लक्ष्मण पर्वत को कोन भेजा गया है। लाइन में ही तैनात विजय चौरसिया को सदर कोतवाल और धमेंद्र कुमार को निरीक्षक अपराध की जिम्मेदारी दी गई है। अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ध्यान में रखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने बृहस्पतिवार को बड़े पैमाने पर फेरबदल किया है। कुल 13 निरीक्षकों, आठ उप निरीक्षकों समेत कुल 27 पुलिस कर्मियों के कार्यस्थल में फेरबदल किया गया है।
एसओजी प्रभारी रहते हुए मादक पदार्थ की तस्करी करने वालों पर कार्रवाई करने वाले निरीक्षक राजेश सिंह को पिपरी थानाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं लाइन में तैनात संजीव सिंह को एसओजी प्रभारी बनाया गया है। कोन थानाध्यक्ष रहे अमरजीत चौहान को म्योरपुर थानाध्यक्ष बनाया गया है। यहां तैनात मनोज सिंह को प्रभारी माॅनिटरिंग सेल बनाया गया है। उप निरीक्षक और हाथीनाला थानाध्यक्ष रहे चंद्रभान सिंह काे करमा थाने का प्रभार दिया गया है। चौकी प्रभारी रेणुकूट उप निरीक्षक अरविंद गुप्ता को थानाध्यक्ष हाथीनाला के रूप में तैनाती दी गई है। अपराध शाखा मेंं तैनात देवीवर शुक्ला को प्रभारी निरीक्षक ओबरा बनाया गया है। पिपरी थानाध्यक्ष रहे राजेश कुमार सिंह को अनपरा थाने की कमान दी गई है। शेषनाथ पाल के गैर जनपद तबादले के बाद स्थान रिक्त था। इसी तरह कुल 27 पुलिस कर्मियों का एसपी ने तबादला रिक्ती और अपराध नियंत्रण को देखते हुए किया है।