बाउंड्री पर बैठे एक तेंदुए का वीडियो मंगलवार की देर शाम नगर में तेजी से वायरल होने पर ओबरा तापीय परियोजना कर्मियों में हड़कंप मच गया। वहीं यह वीडियो बुधवार को भी नगर में चर्चा का विषय रहा। हालांकि यह वीडियो कहां का है, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।
स्थानीय तापीय परियोजना की अ ताप विद्युत गृह कई वर्षों से बंद चल रही है। जिसकी वजह से बड़ी संख्या में झाड़ियां उग आई हैं। तेंदुए का जो वीडियो वायरल हो रहा है वह अ ताप विद्युत ओबरा के बाउंड्री से कुछ मेल खा रहा था। किसी शरारती व्यक्ति ने इस वीडियो को स्थानीय परियोजना के अ ताप विद्युत गृह के बाउंड्री पर बैठा बताकर वायरल कर दिया। वहीं परियोजना अधिकारियों ने भी इसे गंभीरता से लेते हुए अ ताप विद्युत गृह की ओर रात में किसी कर्मचारी को जाने से मना कर दिया। वहीं परियोजना की सुरक्षा में लगे सीआईएसएफ के जवानों ने भी सतर्कता बढ़ा दी। इस संबंध में डीएफओ ओबरा प्रखर मिश्रा ने भी घटना को सच मानते हुए बताया कि तेंदुआ जंगल से भटककर आया होगा जो अब तक जंगल वापस लौट गया है। उस क्षेत्र में सतर्कता बरती जा रही है। वहां ड्यूटी पर मौजूद सीआईएसएफ के जवानों को भी सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। वहीं इस वीडियो को देखकर कई लोगों ने आपत्ति जताते हुए पुराना वीडियो बताया। कोई इस वीडियो को आजमगढ़ का बता रहा है तो कोई एनटीपीसी का बता रहा है। अभी तक असमंजस की स्थिति बनी हुई है। वहीं इस संबंध में ओबरा तापीय परियोजना के शिविर सहायक अनुराग मिश्रा ने इस वायरल वीडियो को पुराना और कहीं और का बताया है।