रॉबर्ट्सगंज स्थित बस स्टेशन में खड़ी रोडवेज बसें। संवाद
सोनभद्र। जिले के 14 ग्रामीण रूटों पर नियमित रूप से वाहनों का संचालन किया जाएगा। परिवहन निगम से अनुबंध के बाद इन रूटों पर निजी वाहनों का संचालन शुरू किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना के तहत इन वाहनों का संचालन शुरू किया जा रहा है। इससे यात्रियों को आवागमन में काफी सहूलियत होगी।
रोडवेज बस स्टेशन रॉबर्ट्सगंज इंचार्ज विवेकानंद सिन्हा ने बताया कि शासन की तरफ से ग्राम पंचायतों को परिवहन सेवा से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना शुरू की गई है। इस योजना के तहत 13 से 28 मार्च तक आवेदन लिए गए थे। इस बीच कुल 26 मोटर मालिकों की तरफ से आवेदन किया गया था। इसमें 12 मोटर मालिक ऐसे रूटों पर वाहनों का संचालन करने के लिए आवेदन कर दिए थे, जहां रोडवेज की बसों का संचालन पहले से हो रहा है। जिले स्तर पर गठित चार सदस्यीय टीम ने इन 12 आवेदन को निरस्त कर दिया। 14 मोटर मालिकों की तरफ से किए गए आवेदन को स्वीकृति दी गई है। ये मोटर मालिक जिले के अलग-अलग ग्रामीण रूटों पर वाहनों का नियमित संचालन सुनिश्चित करेंगे। इससे ग्रामीणों को आवागमन में काफी सहूलियत होगी। रोडवेज बस स्टेशन के इंचार्ज ने बताया कि डीएम की अध्यक्षता में आवेदन किए वाहन मालिकों की स्क्रीनिंग करते हुए रूटों का निर्धारण और किराया तय किया गया है। बता दें कि इस योजना के तहत अनुबंध कराने वाले वाहन मालिकों को परमिट शुल्क में 100 प्रतिशत छूट दी जाएगी।