सोनभद्र। तपिश के साथ आग में बढ़ोतरी की घटनाओं को देखते हुए अग्निशमन विभाग की तरफ से जागरूकता अभियान चलाया गया। मेडिकल कॉलेज के एलटू भवन में कार्यक्रम आयोजित कर आग से बचाव के तरीके बताए गए। अग्निशमन अधिकारी करन यादव ने बताया कि सुरक्षाकर्मियों और वार्ड बॉय को अग्निशमन उपकरणों के संचालन, रख-रखाव की जानकारी दी गई। हरसेवानंद डिग्री कॉलेज में मॉक ड्रिल के जरिये बच्चों को आपात स्थिति से निपटने के लिए सचेत किया गया और आग लगने पर महज ढाई मिनट में पूरा भवन किस तरह से खाली कर देना है और कोई बेहोश हो जाता तो उसे किस तरह सुरक्षित बाहर निकाला जाएगा, इसका अभ्यास कराया गया।
मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों, चिकित्सा कर्मियों सहित अन्य को आग से बचाव की जानकारी देते हुए कहा गया कि विद्युत लोड को नियमित चेक कराते रहें। इस मौके पर उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. तपन मंडल, जिला अग्निशमन अधिकारी करन यादव, फायरमैन अश्वनी और शनि आदि मौजूद रहे।