जिला सतर्कता एवं निगरानी समिति की बैठक सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सांसद छोटेलाल खरवार की अध्यक्षता में हुई। इसमें सांसद ने केंद्र सरकार से संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। मनरेगा के तहत मजदूरों की बकाया मजदूरी का भुगतान जल्द कराने का निर्देश अफसरों को दिया।
इस अवसर पर सांसद ने कहा कि केंद्र सरकार की मंशा के अनुसार अधिकारी, जनप्रतिनिधियों से समन्वय स्थापित कर जिले में चलाए जा रहे विकासपरक कार्यक्रमों और जन कल्याणकारी योजनाओं को पूरी ईमानदारी के साथ पारदर्शिता, गुणवत्ता से पूर्ण कराएं। कहा कि अधिकारी अपने-अपने विभागों से संचालित विकास कार्यक्रमों और जन कल्याणकारी योजनाओं की मुकम्मल सूची जन प्रतिनिधियों के साथ ही जिला सतर्कता एवं निगरानी समिति के सदस्यों को भी अनिवार्य रूप से मुहैया कराएं। कहा कि जो भी कार्य कराएं जाएंगे, उनकी उच्च स्तरीय जांच भी होेगी।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, इंदिरा आवास, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, समेकित वाटरशेड प्रबंधन कार्यक्रम, राष्ट्रीय भू-रिकार्ड आधुनिकीकरण कार्यक्रम, स्वच्छ भारत अभियान, राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम, दीनदयाल उपाध्याय, ग्रामीण विद्युतीकरण योजना, मीड-डे -मील योजना की समीक्षा की। मरकरी पुल का निर्माण जल्द पूर्ण कराने, धान क्रय की व्यवस्था दुरूस्त रखने, जिले के निविदाओं को एनआईसी के वेबसाइड पर नियमित रूप से ससमय अपलोड करने का निर्देश दिया। सचिव सतर्कता एवं निगरानी समिति डीएम डीके सिंह ने जिले से संबंधित निर्धारित एजेंडे के बिंदुओं पर दिये गए सुझाव को समावेश करते हुए जिले में चलायी जा रही योजनाओं को पूरी पारदर्शिता के साथ समय से पूरा कराने का भरोसा दिलाया।
डीएम ने सांसद से राबर्ट्सगंज रेलवे स्टेशन पर रैक प्वाइंट व्यवस्था कराने में रेलमंत्री भारत सरकार स्तर पर अपेक्षित पैरवी करने की गुजारिश की। घोरावल विधायक रमेश चंद्र दूबे और दुद्धी विधायक रूबी प्रसाद ने भी बैठक में कई सुझाव दिए। बैठक में सीडीओ महेंद्र सिंह, एडीएम मनीलाल यादव, डिप्टी कलेक्टर देवेंद्र प्रताप सिंह, सीएमओ डा. अमरेंद्र सिंह, सुनील सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।