Sonbhadra News: यूपी पुलिस भर्ती में चयनित 36 महिलाओं समेत 155 अभ्यर्थी सोनभद्र से बस में सवार होकर लखनऊ के लिए रवाना रवाना हुए। 15 जून को अभ्यर्थियों को गृह मंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र मिलेगा।
यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा में चयनित अभ्यर्थी नियुक्ति पत्र पाने के लिए शनिवार को लखनऊ रवाना हुए। जिले में 169 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। इसमें 155 को लखनऊ भेजा गया। चयनित अभ्यर्थियों में 36 महिलाएं शामिल हैं। सीओ लाइन राज सोनकर की अगुवाई में उन्हें चार बसों से लखनऊ ले जाया गया।
विज्ञापन
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 15 जून को पुलिस भर्ती परीक्षा के चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। शासन के निर्देश पर इस कार्यक्रम के लिए प्रत्येक जिले से चयनित अभ्यर्थियों को लखनऊ पहुंचना है। इसकी व्यवस्था स्थानीय पुलिस के माध्यम से की गई है।
शनिवार को रोडवेज की चार बसों में जिले के 155 अभ्यर्थियों को लखनऊ रवाना किया गया। तीन बसों में पुरुष और एक बस में महिला अभ्यर्थी सवार रहीं। इस आयोजन को लेकर अभ्यर्थियों में उत्साह का माहौल देखा गया।
चयनित युवाओं के चेहरे पर नियुक्ति पत्र पाने की खुशी स्पष्ट नजर आ रही थी। अब सभी की नजरें लखनऊ में होने वाले उस समारोह पर टिकी हैं, जहां उन्हें अपने सेवा जीवन की शुरुआत का औपचारिक दस्तावेज मिलेगा।