इस मामले में बभनी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि दो अन्य पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि सोमवार तड़के मुखबिर की सूचना पर अरझट पुलिया के पास पुलिस संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान बाइक से आए दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। दोनों भागने लगे और बरसात के कारण सड़क किनारे फिसलकर गिर गए। इसके बाद झाड़ियों में छिपकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में सिंगरौली के बैढ़न धूरीताल निवासी पंकज साह (45) के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी संजय साकेत अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया।
पूछताछ में गिरफ्तार पंकज ने अपने साथियों के साथ मिलकर सराफा व्यापारी से लूट की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर जंगल में छिपाया गया लूट का बैग बरामद कर लिया गया। पुलिस ने 12.5 किलोग्राम चांदी, 225 ग्राम सोना, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, खाता-बही, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, सोनारी के औजार और 1500 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद सामान की कुल कीमत 62 लाख 22 हजार 500 रुपये बताई गई है।
एसपी ने बताया कि आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, कारतूस और घटना में प्रयुक्त बाइक भी बरामद की गई है। घायल आरोपी का उपचार सीएचसी बभनी में कराया जा रहा है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
सोनभद्र और सिंगरौली में दर्ज हैं आठ मामले
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश पंकज पर सोनभद्र के बभनी, बीजपुर, अनपरा, सिंगरौली जिले के बैढ़न, विंध्यनगर, मोरवा में लूट, छिनैती, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट के आठ मामले दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी में दुद्धी कोतवाल धर्मेंद्र कुमार सिंह, बभनी एसओ अरविंद सरोज, एसओजी प्रभारी निरीक्षक नागेश कुमार सिंह, म्योरपुर एसओ संतोष कुमार सिंह की अहम भूमिका रही। उन्हें पुरस्कृत किया गया है।