सूबे के गृह सचिव मणि प्रसाद मिश्र ने शनिवार को घोरावल और शाहगंज में बने
रहे अष्टकोणीय थानों के भवन का निरीक्षण किया।
उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं
को 30 मार्च तक हरहाल में निर्माण कार्य पूर्ण कराने का निर्देश दिया।
चेतावनी देते हुए कहा कि निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण न कराने पर
कार्यदायी संस्था को लापरवाह मानते हुए उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
शाहगंज थाने का निरीक्षण करने के बाद वे दुद्धी कोतवाली का निरीक्षण करने
के लिए रवाना हो गए।
अपराह्न करीब तीन बजे घोरावल कोतवाली में गृह सचिव
मणि प्रसाद मिश्र का आगमन हुआ। उन्होंने नवनिर्माणाधीन अष्टकोणीय थाने के
भवन में प्रयोग किए जा रहे ईंट, सीमेंट आदि सामग्रियों की गुणवत्ता की जांच
की।
इस दौरान गृह सचिव ने कार्यदायी संस्था को हरहाल में 30 मार्च, 16 तक
भवन तैयार कर पुलिस विभाग को हैंडओवर करने का निर्देश दिया। इसके बाद सीधे
गृह सचिव करीब सवा चार बजे शाहगंज में बन रहे अष्टकोणीय थाने के भवन का
निरीक्षण करने पहुंचे।
उन्होंने कहा कि जिले के नक्सल क्षेत्रों में आंध्र
प्रदेश के थानों के तर्ज पर अष्टकोणीय थाने बनाए जा रहे हैं। निर्माण कार्य
में किसी प्रकार की लापरवाही कदापि बर्दाश्त नहीं होगी। कार्यदायी संस्था
को हरहाल में निर्धारित समयसीमा के भीतर भवन का कार्य पूर्ण कराने होंगे।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक रामयज्ञ यादव, सीटी क्षेत्राधिकारी
सच्चिदानंद, घोरावल कोतवाली प्रभारी आरके पांडेय, शाहगंज थाना प्रभारी
कैलाश यादव मौजूद रहे। बता दें कि भारत सरकार के आईडीपी योजना से अष्टकोणीय
थानों का भवन बन रहा है।
प्रत्येक अष्टकोणीय भवन बनाने में एक करोड़ से
अधिक रुपये लग रहे हैं। इस भवन की खासियत यह कि भूतल पर कार्यालय संचालित
होगा और प्रथम व द्वितीय तल पर बैरक होगा। बैरक में जवान रहेंगे ताकि
दुश्मनों का मोर्चा ले सकें।