सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के आंबेडकरनगर में अराजक तत्वों ने शिव मंदिर में स्थापित बजरंग बली की प्रतिमा तोड़ दी। प्रतिमा खंडित होने की सूचना मंगलवार की सुबह हुई तो लोग आक्रोशित हो गए। बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचकर विरोध जताया और अराजक तत्वों पर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। नई प्रतिमा की स्थापना और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई के आश्वासन पर लोग माने।
वार्ड-11 आंबेडकर नगर चौराहा पर शिव मंदिर है। इसी में बजरंग बली की प्रतिमा स्थापित की है। सोमवार रात अराजक तत्वों ने प्रतिमा क्षतिग्रस्त कर दी। सुबह लोग दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे तो खंडित प्रतिमा देख आक्रोशित हो गए। मौके पर सभासद गायत्री सिंह, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष धर्मवीर तिवारी सहित बड़ी संख्या में लोग आ गए। घटना पर कड़ी नाराजगी जताई। हंगामा होने लगा। सूचना पर सदर कोतवाल गोपालजी गुप्ता फोर्स के साथ पहुंचे। उन्होंने मंदिर की पुजारी महाराजी देवी से घटना की जानकारी ली। आसपास लगे सीसी कैमरों के फुटेज को खंगाला। पुलिस ने जल्द नई प्रतिमा की स्थापना करवाने और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन देकर शांत करवाया।
-
पास की दुकान दुकान चोरी
आंबेडकरनगर में शिव मंदिर से ही कुछ दूरी पर स्थित एक परचून की दुकान का ताला तोड़कर चोरों ने गल्ले में रखा डेढ़ हजार रुपये नकदी चुरा लिया। कुछ अन्य सामान भी अपने साथ ले गए।