ॲअनपरा। कामर्शियल माइनिंग के विरोध में तीन दिवसीय हड़ताल के मद्देनजर संयुक्त मोर्चा ने हड़ताल के दूसरे दिन एकजुटता दिखाते हुए शुक्रवार सुबह से संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारी कोयला परियोजनाओं का भ्रमण कर कर्मचारियों को एकत्रित करने में जुटे रहे। इसके चलते कोयला उत्पादन व प्रेषण बुरी तरह प्रभावित रहा। दिन भर यूनियन के नेताओं ने हड़ताल को सफल बनाने के लिये टीम बनाकर जनसंपर्क करते रहे। इस दौरान जो कर्मचारी हड़ताल के दौरान ड्यूटी कर रहे हैं उनके आवासों पर जाकर यूनियन नेताओं ने उन्हें चूड़ियां भेंट की।
संयुक्त मोर्चा के मीडिया प्रभारी अरुण कुमार दुबे ने बताया कि कृष्णशिला परियोजना में लगभग 60 ट्रक लोड कोयला को 2 जुलाई को दिन में यूनियन नेताओं ने रोके रखा रात्रि में पता चला कि उसे प्रबंधन निकालने के प्रयास में है इसके बाद बीना और कृष्णशिला के पदाधिकारी पहुँच गए और 60 ट्रक कोयला वहीं यार्ड में गिरवाकर फिर खाली गाड़ी ही बाहर करायी गयी। इसी क्रम में खड़िया आउट सोर्सिंग के लिए जाने वाले बारूद और डीजल टैंकर को कर्मचारियों ने बाहर रोक दिया जिससे बगैर डीजल और बारूद के खड़िया आउटसोर्सिंग स्वत: बन्द होने की स्थिति में आ गयी है । निगाही में ड्यूटी जाने वाले कर्मचारियों के घर जाकर हड़तालियों ने परिवार को चूड़ी भेंट कर आवास के सामने नारेबाजी की ।