हाथों में बल्ब और बाल्टी लेकर प्रदर्शन
- फोटो : Amar Ujala
गर्मी में बिजली और पानी संकट के विरोध में सपा कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। हाथों में लालटेन, बल्ब और खाली बाल्टी लेकर बिजली निगम और जल निगम पर मनमानी का आरोप लगाते हुए जमकर नारे लगाए। डीएम को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
सपा के जिला सचिव प्रमोद यादव ने कहा कि एक तरफ भाजपा सरकार हर घर नल से जल पहुंचाने का दावा कर रही है तो दूसरी ओर उस जिले में ही लोग पानी के लिए परेशान हैं, जहां से इस योजना का शुभारंभ हुआ था। जिले के कई इलाकों में जनता चुआंड़ का पानी पीने को मजबूर है।
प्रमोद यादव ने कहा कि भाजपा के जनप्रतिनिधि मूकदर्शक बने हैं। सोनभद्र में बिजली पैदा होता है लेकिन यहां की जनता को महंगी बिजली और लगातार कटौती का दंश झेलना पड़ रहा है। पूर्व नगर सचिव मनीष त्रिपाठी ने कहा कि जिले की जनता को शुद्ध पेयजल नहीं मिल पा रहा है।
ग्रामीण इलाकों में लोग नाले का पानी पीने को मजबूर हैं। सोनी भारती ने कहा कि सरकार केवल जनता का शोषण कर रही है ग्रामीण इलाकों में टैंकर से भी पानी सप्लाई नहीं हो रहा है। बिजली कटौती लगातार किया जा रहा है। प्रदर्शन में पूर्व नगर उपाध्यक्ष सुरेश अग्रहरि, निजामतउल्लाह, गोपाल गुप्ता, मुन्ना कुशवाहा, कलावती भारती, कल्याणी कोल, सीमा भारती, उषा पटेल, देवकी खरवार आदि मौजूद थी।