वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर बग्घानाला के समीप शनिवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई। दो की मौके पर जबकि तीसरे ने जिला अस्पताल में दम तोड़ा। तीनों ही श्रमिक थे। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने तीनों के शवों को घरवालों को सुपुर्द कर दिया। उधर, हादसे के बाद बाइक में टक्कर मारने वाला चालक मयवाहन फरार हो गया।
शनिवार रात करीब दस बजे बग्घानाला के समीप डाला से चोपन की ओर जा रही एक बाइक में विपरीत दिशा से जा रहा अज्ञात वाहन टक्कर मारते हुए निकल गया। हादसे में बाइक पर सवार चोपन थाना क्षेत्र के परासपानी गांव निवासी विनोद (28) और सलखन निवासी राजकुमार (35) ने वहीं दम तोड़ दिया, जबकि पन्नूगंज के भरसही निवासी रमाकांत पाठक (35) गंभीर रूप से घायल हो गया।
उधर से गुजर रहे एक व्यक्ति की सूचना पर एसओ नवीन तिवारी मौके पर पहुंचे और घायल को सीएचसी चोपन तथा मृतकों को पीएम के लिए भेजा। सीएचसी चोपन में उपचार के बाद डाक्टर ने घायल को जिला अस्पताल भेज दिया।
यहां इलाज के दौरान रविवार को उसकी भी मौत हो गई। चोपन थानाध्यक्ष नवीन तिवारी ने बताया शवों को घरवालों को सुपुर्द कर दिया गया। मृतकों के परिजन जो तहरीर देंगे उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।