सोनभद्र जिले के बभनी थाना क्षेत्र के बभनी- अम्बिकापुर मार्ग पर जनता स्कूल के पास सड़क हादसा हुआ। रेणुकूट से छत्तीसगढ़ की ओर तेज रफ्तार से जा रहे ट्रक ने अनियंत्रित होकर एक किशोर को कुचल दिया। जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भिजवा दिया।
ये है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार नंदलाल (13) पुत्र परषोत्तान गोंड निवासी हरपुरा थाना विंढमगंज को मंगलवार की रात करीब 11 बजे तेज रफ्तार से जा रहे ट्रक ने कुचल दिया। जिससे नंदलाल की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद भाग रहे ट्रक चालत को पुलिस ने पकड़ लिया।
मृतक के पिता परषोत्तान ने बताया कि नंदलाल गांव से किसी की बरात में बभनी आया था। दरवाजे पर बरात लग रही थी। उसी समय रेणुकूट की तरफ से छत्तीसगढ़ की ओर जा रहे तेज रफ्तार से ट्रक ने उसे कुचल दिया। बताया कि नंदलाल चार भाइयों में दूसरे नंबर का था। घटना के बाद किसी तरह शादी की रस्में पूरी हुईं।
इसे भी पढ़ें; काशी में कन्यादान महोत्सव: संघ प्रमुख की मौजूदगी में 125 जोड़े लेंगे सात फेरे, आतिशबाजी के साथ निकलेगी बरात
उधर, घटना की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल हो गया है। जानकारी मिलने पर प्रभारी निरीक्षक कमलेश पाल मौके पर पहुंच गए और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भिजवा दिया। प्रभारी निरीक्षक कमलेश पाल ने बताया कि ट्रक सहित चालक को हिरासत में ले लिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।