डाला। चोपन थाना क्षेत्र के गुरमुरा में काली मंदिर के समीप एक कार अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। कार में सवार पिता की मौत हो गई जबकि पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना बृहस्पतिवार की रात डेढ़ बजे की है।
शक्तिनगर से राबर्ट्सगंज की तरफ जा रही कार वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग स्थित गुरमुरा काली मंदिर के पास अनियंत्रित होकर करीब 15 फीट खाईं में जा गिरी। कार पलटने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार में फंसे पिता-पुत्र को बाहर निकाला। लगभग एक घंटे के कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला गया और चोपन सीएचसी भेजा गया जहां उपचार के दौरान ओम प्रकाश (45) निवासी दुधीचुआ सिंगरौली मध्य प्रदेश की मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल बेटे सोनू (25) को प्राथमिक उपचार करने के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दोनों पिता-पुत्र किसी काम से वाराणसी जा रहे थे तभी घटना हुई।