राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के नई बाजार में सड़क हादसे में मृतक जितेंद्र यादव(फाइल फोटो)
- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्र। सदर कोतवाली क्षेत्र के नई बाजार गांव के समीप सोमवार को बेकाबू एक बाइक ट्रैक्टर-ट्राली से टकरा गई। इस हादसे में बाइक सवार जितेंद्र यादव (28) की मौत हो गई। वहीं दो युवक बाल-बाल बच गए। मंगलवार को जिला अस्पताल में पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सुपुर्द कर दिया।
सोमवार की शाम करीब सात बजे नई बाजार गांव के पास घोरावल-खलियारी मार्ग पर अनियंत्रित एक बाइक सामने जा रहे ट्रैक्टर-ट्राली से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार सदर कोतवाली क्षेत्र के तरावा गांव निवासी जितेंद्र यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि बाइक पर बैठे दो युवक बाल-बाल बच गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि चतरा की तरफ से बाइक सवार राबर्ट्सगंज की ओर जा रहे थे। आसपास के लोगों की मदद से घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। उधर घटना की जानकारी मिलने पर घायल के घरवाले भी पहुंच गए। प्राथमिक उपचार करने के बाद डॉक्टर ने घायल की हालत गंभीर देखते हुए उसे ट्रामा सेंटर वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। घरवाले जितेंद्र को लेकर बीएचयू जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उसकी सांसे थम गई। इसके बाद घरवाले शव को लेकर वापस जिला अस्पताल पहुंचे। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्चरी में रखवा दिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि जितेंद्र का पोस्टमार्टम करा कर घरवालों को सुपुर्द कर दिया गया।