मांची थाना क्षेत्र के सुअरसोत पुलिस चौकी के समीप मंगलवार की रात संदिग्ध हाल में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए । घटना की जानकारी होने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों ही को सीएचसी वैनी ले गई जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रात में ही पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
मंगलवार की रात करीब नौ बजे सूअरशोत पुलिस चौकी के समीप बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल होकर मदद की गुहार लगा रहे थे। रास्ते से गुजर रहे किसी ने घटना की सूचना सुअरसोत चौकी प्रभारी धर्मेंद्र यादव को दी। तत्काल चौकी प्रभारी दलबल के साथ मौके पर पहुंच कर दोनों युवकों को सीएचसी वैनी लेकर गये जहां डाक्टरों ने चेकअप के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने रात में ही शवों को पोस्टमार्टम के जिला अस्पताल भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि मृतकों की शिनाख्त पन्ना लाल (20) और पंकज सिंह (24) निवासी डुमरकोन थाना अधौरा जिला भभुआ कैमुर बिहार के रूप में हुई हैं। घटना की जानकारी मृतकों के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया बाइक से गिरकर चोट लगने से मौत होने की बात सामने आई है। हालांकि युवकों को चोट कैसे लगी इसका पता लगाया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का सही पता चल सकेगा।