जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में रविवार को दो युवकों ने फंदा लगाकर जान दे दी। अनपरा के रेहटा में युवक ने साड़ी के सहारे पंखे से फंदा लगाया तो बीजपुर के सिरसोती में दुपट्टे के सहारे फंदे पर लटक गया।
पहली घटना रेणुसागर चौकी क्षेत्र के रेहटा गांव की है। गांव निवासी प्रमोद (30) पुत्र रामकेश्वर शुक्रवार की शाम बाहर से आया और सीधे कमरे में चला गया। कुछ देर बाद पत्नी उसे बुलाने गई तो दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक आवाज लगाने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला। किसी तरह कमरे में परिजन घुसे तो देखा कि प्रमोद फंदे पर लटका हुआ है। परिजन उसे उतारकर तत्काल नजदीकी अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस संबंध में अनपरा थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि कोई सूचना नही मिली है।
दूसरी घटना बीजपुर के सिरसोती गांव की है। ग्राम पंचायत के टोला महुआबारी निवासी असलम (20) पुत्र अफरोज दोस्तों के साथ डेम में मछली मारने गया था। वापस घर पर आकर ससुराल वालों से बातचीत कर रहा था। इसके बाद वह घर में गया और दुपट्टे के सहारे बड़ेर से फंदा लगा लिया। मां घर में कुछ सामान लेने गई तो असलम का फंदे पर शव लटकता देख सन्न रह गई। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को उतरवाकर धन्वंतरि चिकित्सालय ले गई। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक पंकज पांडेय ने बताया कि पारिवारिक विवाद में युवक ने जान दे दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
-
सड़क पर मृत मिला युवक
चोपन थाना क्षेत्र के गुरमा में चेरुई जाने वाले मार्ग पर शुक्रवार को एक व्यक्ति मृत हाल में मिला। उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई। चौकीदार की सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक चोपन विश्वनाथ प्रताप सिंह और गुरमा चौकी प्रभारी सुरेश चंद्र द्विवेदी ने शव की जांच की। ग्रामीणों ने बताया की युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ था। कुछ दिनों से क्षेत्र में भ्रमण करते देखा गया था। लू से मौत की आशंका जताई जा रही है। गुरमा चौकी प्रभारी सुरेश चंद्र द्विवेदी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही सही कारण का पता चल पाएगा।