कोन। क्षेत्र के कचनरवा ग्राम पंचायत के हड़वरिया परसवा में तीन दिन पहले पुलिस टीम पर हमले के मामले में रविवार को दो महिलाएं गिरफ्तार की गईं। पांच आरोपी पहले गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
बृहस्पतिवार की रात पीआरवी की टीम कचनरवा ग्राम पंचायत में पारिवारिक विवाद सुलझाने के लिए गई थी। वहां पहुंचे पुलिसकर्मियों ने आरोपियों से थाने चलने के लिए कहा तो लोगों ने उन्हें घेरकर रोक लिया। स्थिति बिगड़ती देख थाने से फोर्स मंगाई तो पथराव शुरू कर दी गई।
नशे को इस वारदात का मूल कारण मानते हुए पुलिस ने क्षेत्र में अवैध कच्ची शराब पर शिकंजा कसने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इसी कड़ी में रविवार को कचनरवा ग्राम पंचायत में छापेमारी कर शराब निर्माण में प्रयुक्त लहन व उपकरण नष्ट कर दिए गए। मौके से दो महिलाओं को गिरफ्तार भी किया गया। कई लोग भाग खड़े हुए। कहीं से कोई अप्रिय स्थिति न बनने पाए इसके लिए पीएसी की भी एक टुकड़ी साथ बनी रही।
प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार सिंह ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत पर अभियान चलाकर कच्ची शराब का निर्माण बंद कराया जा रहा है। गिरफ्तार हुई दोनों महिलाओं का आबकारी एक्ट के तहत चालान कर दिया गया है। संवाद