विंढमगंज/बीजपुर। बारिश के बाद नदियों के किनारे से बालू का अवैध खनन शुरू हो गया है। रविवार को वन विभाग की टीम ने अलग-अलग क्षेत्रों से अवैध बालू लदी दो ट्रैक्टर ट्राली को पकड़ा। इस दौरान एक ट्रैक्टर ट्राली को लेकर भागने में अराजक तत्व सफल रहे।
प्रभागीय वनाधिकारी रेणुकूट मनमोहन मिश्रा के निर्देश पर विंढमगंज रेंज के टीम ने रविवार की सुबह औराडंडी में कनहर नदी से अवैध बालू खनन कर रहा दो ट्रैक्टर को पकड़ा। दोनों ट्रैक्टर ट्राली को विंढमगंज रेंज कार्यालय पर लाने के दौरान एक ट्रैक्टर मालिक महिला-पुरुषों के साथ पहुंच गया। थाने पर ट्रैक्टर ट्राली ले जाने से रोकने लगा। काफी मशक्कत के बाद वह ट्रैक्टर को भगा ले जाने में कामयाब रहा। वहीं दूसरी ट्रैक्टर ट्राली को वन विभाग की टीम ने थाने को सुपुर्द कर दिया। रेंजर इमरान खान ने बताया कि वन अधिनियम के तहत केस दर्ज कराया गया है। टीम में वन दरोगा दिलीप सिंह, अवधेश सिंह, देवचंद यादव, रघुनाथ यादव आदि शामिल रहे। उधर, बीजपुर थाना अंतर्गत सिरसोती ग्राम पंचायत के टोला कोड़ाड की तरफ से अवैध खनन का बालू लेकर आ रहे ट्रैक्टर ट्राली को वन विभाग व पुलिस ने रविवार को घेराबंदी कर पकड़ लिया। ट्रैक्टर चालक सदानंद यादव निवासी सिरसोती टोला नकटू के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कराया गया। कार्रवाई में एसआई ओमप्रकाश सिंह, कांस्टेबल यशवंत सिंह, अनिल कुमार, वन दरोगा राजू कुमार, राजबलि की टीम शामिल रही।