अनपरा थाना क्षेत्र के झिंगुरदा मंदिर के पास मिट्टी ढूहा धसकने के घटनास्थल का निरीक्षण करती पुलिस।
थाना क्षेत्र के औड़ी पहाड़ी स्थित झिंगुरदा हनुमान मंदिर के पास घर की पुताई के मिट्टी खुदाई करते समय ढूहा धसक गया। इससे मिट्टी के नीचे दबकर दो किशोरियों की मौत हो गई। जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। मंदिर पर मौजूद लोगों ने मलबे में दबी लड़कियों-महिलाओं को बाहर निकाला। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ ही शवों को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए सीएचसी दुद्धी भेज दिया।
थाना क्षेत्र के सिदहवा से एक पुरानी जीप किराए पर लेकर केवट बिरादरी के दस-12 महिलाएं, लड़कियां और बच्चे घर की पुताई के लिए दोपहर एक बजे के करीब मिट्टी खुदाई करने झिंगुरदा हनुमान मंदिर के पास पहुंचे। उनमें से सुमन (15) पुत्री लालजी, मंजू (13) पुत्री नंदलाल, सोनी (31) पत्नी श्रवण और मुकुली देवी (55) पत्नी अशर्फी कुदाल लेकर ढूहे के अंदर मिट्टी खुदाई में लग गई। शेष लोग बोरे में मिट्टी भरने में लग गए। डेढ़ बजे के करीब अचानक मिट्टी का ढूहा धसक गया और चारों उसी में दब गईं। यह देख मंदिर में मौजूद लोग दौड़ते हुए घटनास्थल पर पहुंचे और सौ नंबर डायल कर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद मलबा हटाने में लग गए।
करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद चारों को बाहर निकाल लिया गया लेकिन तब तक सुमन और मंजू की मौत हो चुकी है। दारोगा राजेश मौर्या की अगुवाई में पहुंची पुलिस टीम आनन-फानन में घायलों को अस्पताल ले गई। वहीं मौके पर मौजूद लोगों से घटना के बाबत जरूरी जानकारी हासिल करने के बाद परिवार वालों को घटना की जानकारी दी। उनके पहुंचने के बाद शवों को पीएम के लिए भेज दिया गदया। उधर, घटना के बाद चालक जीप लेकर भाग निकला। बता दें कि सिंगरौली में इस तरह की कई घटनाएं हो चुकी हैं। वहीं अनपरा परिक्षेत्र में यह पहला मामला है।