सोनभद्र। बीएसए नवीन कुमार पाठक ने विकास खंड दुद्धी और कोन के परिषदीय विद्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान बिना सूचना अनुपस्थित मिले दो शिक्षकों के वेतन भुगतान पर अग्रिम आदेश तक रोक लगाने की संस्तुति की। अन्य विद्यालयों के शिक्षकों को नोटिस जारी कर व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए।
बीएसए ने प्राथमिक विद्यालय जाताजुआ, करहिया, गुलरिया, पांडुचाटन, कंपोजिट विद्यालय वासिनटोला, उच्च प्राथमिक विद्यालय घीचोरवा का निरीक्षण किया। निरीक्षण में घीचोरवा, पांडुचाटन विद्यालय में कई बिंदुओं पर लापरवाही मिली। बीएसए ने इन स्कूलों में नियुक्त अध्यापक बृजकिशोर, सहायक अध्यापक सुनील कुशवाहा और प्रभारी अध्यापक गणेश प्रसाद से कार्य में लापरवाही पर स्पष्टीकरण मांगा। कंपोजिट विद्यालय वासिनटोला में तैनात सहायक अध्यापिका संगीता और प्राथमिक विद्यालय करहिया पर संबद्ध सहायक अध्यापक मो. मोईनुद्दीन खान बिना सूचना के अनुपस्थित मिले। बीएसए ने दोनों के वेतन भुगतान को अग्रिम आदेश रोक लगाने की संस्तुति की। उन्होंने सभी विद्यालयों में प्रधानाध्यापकों को बच्चों के नामांकन व उपस्थिति बढ़ाने, साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रोत्साहित किया।