सदर कोतवाली के सेहुआ गांव के तिराहे के समीप घोरावल-खलियारी मार्ग पर शनिवार को घेराबंदी कर पुलिस ने दो गांजा तस्करों को धर दबोचा। तस्करों के कब्जे से बोरी में रखा 15.5 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर चालान कर दिया गया।
शनिवार को मुखबिर के जरिए सीओ राहुल पांडेय को सूचना मिली कि गांजा तस्कर गिरोह के दो सदस्य सेहुआ तिराहे के पास बोरी में गांजा लेकर किसी का इंतजार कर रहे हैं। सीओ के निर्देश पर फोर्स के साथ कोतवाल बाल मुकुंद मिश्रा, एसएसआई ऐश खां और क्राइम ब्रांच की टीम मुखबिर के बताए गए स्थान पर पहुंच गए। पुलिस को देखते ही वहां पर पहले से मौजूद दो व्यक्ति भागने लगे। संदेह होने पर पुलिस कर्मियों ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। कोतवाल बालमुकुंद मिश्रा ने बताया कि पकड़े गए मांची थाना क्षेत्र के बाराडाड़ निवासी हेमन्त खरवार और विशोक खरवार को 15 किलो 500 ग्राम गांजा के साथ धर दबोचा गया। पकड़े गए तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट का अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही करते हुए चालान कर दिया गया।