पिकनिक मनाने मुक्खा फॉल आए दो युवकों में शनिवार की शाम विवाद हो गया। मारपीट के दौरान चाकूबाजी में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे घोरावल सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
घोरावल नगर सहित विभिन्न क्षेत्रों के काफी लोग शनिवार को मुक्खा फॉल पर पिकनिक मनाने गए थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दो पक्ष के लोगों में कहासुनी हो गई। इतने में वाराणसी से आए एक युवक ने घोरावल नगर निवासी अजय कुमार (22) पुत्र रमेश सेठ पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में रमेश का हाथ जख्मी हो गया। रमेश को घोरावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए लाया गया और मामले की सूचना घोरावल कोतवाली पुलिस को दी गई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि मुक्खा फॉल में मारपीट की सूचना मिली है। जांच की जा रही है।