एक मामले में महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार करने वाले दो पुलिसकर्मियों को एसपी ने लाइन हाजिर कर दिया। उन्होंने सदर सीओ को प्रकरण की जांचकर करने का निर्देश दिया है। यह कार्रवाई पीड़ित चंद्रिका सिंह की शिकायती पत्र पर हुई।
पन्नूगंज थाना क्षेत्र के रामगढ़ के पुरानी बाजार निवासी चंद्रिका सिंह के मुताबिक उनके मकान में प्रथम तल पर दो किराएदार रहते है। आठ फरवरी को किसी बात को लेकर दोनों किराएदार आपस भिड़ गए। उसी विवाद को लेकर नौ फरवरी को भी दोनों में मारपीट हुई। इसकी जानकारी होने पर यूपी 100 की पुलिस मौके पर पहुंची। उनका आरोप है कि पुलिस कर्मियों ने उनके घर की महिलाओं के साथ दुव्र्यवहार किया। ऐसा एक पूर्व विधायक की शह पर पुलिस कर्मियों ने किया।
पुलिस अधीक्षक लल्लन सिंह ने बताया कि चंद्रिका सिंह की शिकायती पत्र पर यूपी 100 के दारोगा अमर सिंह एवं सिपाही दिनेश को लाइन हाजिर कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि प्रकरण की जांच सदर सीओ केराम को दी गई है। सीओ को 48 घंटे के भीतर जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।