चोपन थाना क्षेत्र के ओबरी गांव के समीप वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर शुक्रवार को दो वृद्धों की पिकअप से कुचलकर मौत हो गई। घटना तब हुई जब दोनों इंडियन बैंक की मारकुंडी शाखा से रुपये निकालकर वापस घर जा रहे थे। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। उधर घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के घरवालों में कोहराम मच गया।
शुक्रवार की दोपहर करीब दो बजे मारकुंडी स्थित बैंक से चोपन थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सलखन के भटवा टोला निवासी रामस्वरुप (70) पुत्र बुद्विराम और मुनगा टोला निवासी तिलक (60) पुत्र लालशाह रुपये निकाल कर पैदल अपने घर जा रहे थे। लगभग तीन बजे रास्ते में ओबरी टोले के समीप राजमार्ग पर पानी होने के कारण दोनों बुजुर्ग सड़क के मध्य से होते हुए कुछ दूर जाने लगे। उसी वक्त मारकुंडी की तरफ से तेज रफ्तार जा रही पिकअप ने पीछे से दोनों बुजुर्गों को कुचलते हुए चोपन की ओर भागने लगी। हादसे में घायल दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। उधर, स्थानीय कुछ लोगों ने फोन से चोपन एसओ नवीन तिवारी को घटना और पिकअप के भागने की जानकारी दी। हालांकि पुलिस ने पिकअप को कब्जे में ले लिया। उधर, गुरमा चौकी प्रभारी अंजनी कुमार राय ने घटनास्थल पर पहुंच कर शवों को कब्जे में लेकर जिला चिकित्सालय भेजवाया। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिवार के लोग भी पहुंच गए। प्रभारी निरीक्षक चोपन नवीन तिवारी का कहना है कि मृतकों के घरवाले जो तहरीर देंगे उसके आधार पर केस दर्ज कर आगे कार्यवाही की जाएगी।