विभिन्न थाना क्षेत्रों में रविवार को हुए सड़क हादसों में दो वृद्धों की मौत हो गई जबकि 12 लोग घायल हो गए। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिवार वालों को सौंप दिया।
उधर, म्योरपुर में बस दुर्घटना में घायल 12 का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर में कराया गया। पहली घटना राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के चुर्क पुलिस लाइन मोड़ के पास हुई।
यहां सेवानिवृत्त बिजली कर्मी द्वारिका प्रसाद खरवार (70) निवासी भिलाई बंधी लोढ़ी घर से सुबह करीब सात बजे टहलने निकले थे। इस दौरान मारकुंडी की ओर से आ रहे एक हाइड्रा (ट्रक) ने उन्हें धक्का मार दिया।
इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना देख आसपास के लोग दौड़ पडे़ और ट्रक को रोक लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ट्रक को थाने ले गई।
उधर राबर्ट्सगंज रोडवेज बस स्टैंड के पास वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर रोडवजे बस की चपेट में आने से करीब 80 वर्षीय अज्ञात की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बस के चले जाने से उसका नंबर नहीं पता लगाया जा सका। पुलिस ने दोनाें शवों का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल में कराया। रामगढ़ प्रतिनिधि के अनुसार पन्नूगंज थाना क्षेत्र के तियरा गांव में रविवार की सुबह करीब दस बजे बाइक अनियंत्रित होकर गिरने से रामगढ़ वन रेंज में तैनात पेशकार जनमेजय सिंह घायल हो गया।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तियरा में उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। म्योरपुर प्रतिनिधि के अनुसार मुर्धवा से बीजपुर के लिए रविवार की सुबह चली एक प्राइवेट बस खैराही गाव में हादसे का शिकार हो गई।
बस आश्रम मोड़ से आगे बढ़ी और खैराही गांव में ग्राम प्रधान रामकेश के घर के पास बस अनियंत्रित होकर खाई में चली गई। संयोग था कि बस उस दौरान खड़ी रह गई, लेकिन इस पर सवार लोग एक दूसरे पर गिर पड़े।
घायलों में इसराइल (45) निवासी प्रतापपुर, प्रमोद (28), आश्रिता (28), अमरेश (36), अमरेंद्र पांडेय (50) सभी निवासी बीजपुर, रामनरेश (40) निवासी हरहोरी, अखिलेश (20), परंतु (24), रामनरायन (34), किशुनदेव (25) सभी निवासी गडिया, उपेंद्र (43) गाजीपुर, राजदेव (25), चपकी, बाबूलाल (40) जिगनहवा, गुलाम रसूल (40) कुंडाडीह, विनोद (40) बकरीहंवा, संतोष शर्मा (40) वाराणसी और भगवान सिंह (60) शामिल हैं।