म्योरपुर। मकरा ग्राम पंचायत में मौतों का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा। पिछले 30 घंटे के दौरान एक मासूम समेत दो लोगों की मौत हो गई। गांव में मौत का आंकड़ा अब 25 के करीब पहुंच गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में रुककर दवा-उपचार में लगी है इसके बावजूद हालात पर नियंत्रण नहीं हो पा रहा है।
मकरा के मड़इया टोला निवासी राजेंद्र खरवार की डेढ़ वर्षीय पुत्री नेहा कई दिनों से बुखार से ग्रसित थी। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती किया था। परिजनों के मुताबिक समय से खून उपलब्ध न होने पाने की वजह से वह नेहा तो वापस गांव लेकर आने लगे। रात होने के कारण पिता राजेंद्र ओबरा के खैरटिया स्थित ससुराल में रुक गए। शनिवार की भोर में मासूम की मौत हो गई। उधर, शनिवार की देर शाम रामसुथार खरवार (32) की भी अबूझ बीमारी से मौत हो गई। वह बोदरहवा का रहने वाला था। मौतों का सिलसिला न रुकने के लेकर ग्रामीणों में दहशत है। गांव में बीमारी की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से शिविर लगाया गया है। लोगों की जांच कर दवा दी जा रही है लेकिन मौत का सिलसिला रुक नहीं रहा है। रविवार को स्वास्थ्य विभाग ने 154 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इसमें 103 के सैंपल में से 15 की रिपोर्ट मलेरिया पॉजिटिव पाई गई। एसडीएम रमेश कुमार ने बताया कि रविवार को मकरा ग्राम पंचायत में मच्छरदानी वितरण के साथ ही 34 घरों में डीडीटी का छिड़काव किया गया। 84 लोगों को कोविड वैक्सीन भी लगाई गई।
प्रदेश के समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव गोंड ने रविवार को मकरा में चौपाल लगाकर वहां की स्थिति की जानकारी ली। लगातार हो रही मौतों पर दुख जताते हुए अधिकारियों को स्वास्थ्य व्यवस्था, शुद्ध पानी और सफाई पर ठोस कदम उठाने का निर्देश दिया।
राज्यमंत्री ने कहा कि गांव में प्रदूषित पानी की समस्या सामने आई है। मलेरिया से भी लोग पीड़ित मिल रहे हैं। जिला प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि गांव में शुद्ध पानी की आपूर्ति की जाए। शासन स्तर से आरओ प्लांट लगाने का प्रयास किया जा रहा है। नमामि गंगे योजना में काम पूरा होने में अभी देर है तब तक हर व्यवस्था गांव को मिलेगी। मृतक परिवारों को भी राजस्व विभाग से हरसंभव मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर मौतों का आंकड़ा छिपाया जा रहा होगा तो हम कार्यकर्ताओं से भी जांच कराएंगे। ब्लॉक प्रमुख मानसिंह ने जल्द सोलर आरओ प्लांट लगवाने की बात कही। सीएमओ डॉ नेम सिंह ने लोगों से पौष्टिक आहार और पानी गर्म करके पीने का आह्वान किया। डीपीआरओ विशाल सिंह ने गांव में किये जा रहे सफाई और पानी आपूर्ति की जानकारी दी। इस मौके पर रामकेवल यादव, रामभगत यादव, तहसीलदार ज्ञानेंद्र यादव, जिला मलेरिया अधिकारी डीएन श्रीवास्तव, बीडीओ अधिकारी शिव नारायण सिंह, एडीओ रविदत्त, अरुण उपाध्याय, सुधीर कुमार आदि मौजूद रहे।