बारिश के दौरान रविवार की शाम बिजली गिरने से दो महिलाओं की मौत हो गई। हादसा कोतवाली क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर हुआ। एक महिला मोबाइल लेकर खेत में काम करने के दौरान बिजली की चपेट में आ गई। पुलिस ने दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली क्षेत्र के देवरीखुर्द ग्राम निवासी प्रभु देवी उर्फ कलुई (60) खेत के पास काम कर रही थी। उसी दौरान मौसम बिगड़ा। अपने कपड़ों के बीच मोबाइल छिपाकर वह वह बारिश के बचने के लिए घर की ओर भागी। इसी दौरान तेज आवाज के साथ बिजली भी गिर गई। उसकी चपेट में आने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। आशंका जताई जा रही है कि मोबाइल के कारण महिला बिजली की चपेट में आ गई। सूचना पर सीओ संजीव कटियार, कोतवाली निरीक्षक गोपाल जी मौके पर पहुंचे। प्रभु देवी गांव के ही प्राथमिक विद्यालय की रसोईयां भी थी। दूसरी घटना अहरौरा की है। ग्राम निवासी ललिता (25) पत्नी अनिल शर्मा घर के बरामदे में बैठी थी। तेज आवाज के साथ बिजली गिरने से गंभीर रूप से झुलस गई। उसके कपड़े तक जल गए। परिजन उसे घोरावल सीएचसी ले गए, जहां उसकी मौत हो गई। ललिता का विवाह तीन वर्ष पूर्व हुआ था। उसे आठ माह की बेटी भी थी। इस संबंध में घोरावल कोतवाली निरीक्षक गोपाल जी ने बताया कि दोनों महिलाओं के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।