सोनभद्र। एनटीपीसी विंध्याचल के क्षेत्रीय ज्ञानार्जन संस्थान में मेंटोरिंग द ब्रिज फ्रॉम एक्सपीरियंस टू एक्सीलेंस विषय पर दो दिवसीय मेंटरिंग कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में कुल 56 मेंटर्स एवं मेंटीज ने सहभागिता की। संचालन रैपिड लर्निंग एंटरप्राइज के अजय अग्रवाल ने किया। उन्होंने मेंटर्स और मेंटीज के लिए अलग-अलग तथा संयुक्त रूप से संवादात्मक एवं रोचक सत्र आयोजित किए।
इन सत्रों के माध्यम से प्रतिभागियों को केंद्रित अधिगम, सार्थक संवाद तथा मेंटर-मेंटी के बीच बेहतर समन्वय और सहभागिता का अवसर मिला। वक्ताओं ने कहा कि मेंटरिंग अनुभव और आकांक्षा के बीच एक सशक्त सेतु का कार्य करती है। कार्यक्रम एनटीपीसी के जन-केंद्रित दर्शन पीपल बिफोर पीएलएफ को भी प्रतिबिंबित करता है। कार्यशाला के माध्यम से ज्ञान, अनुभव और मार्गदर्शन के जरिए भविष्य के नेतृत्व को तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। इस मौके पर कार्यकारी निदेशक विंध्याचल किशोर कुमार होता, महाप्रबंधक प्रचालन एवं अनुरक्षण एम. सुरेश, महाप्रबंधक मानव संसाधन रूमा दे शर्मा, अपर महाप्रबंधक आरएलआई डॉ. देबस्मिता त्रिपाठी आदि उपस्थित रहे।