उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में एक दिन पहले बुजुर्ग महिला की खेत में लाश मिली थी। उनकी बड़ी बहू ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग थी। पड़ताल में पुलिस को पता चला कि हत्या महिला की दो बहुओं ने ही की है, जिन्हें जेल भेज दिया गया।
Sonbhadra News: सोनभद्र के कोन थाना क्षेत्र के गिधिया गांव में बुजुर्ग महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। हत्या में महिला की दो बहुओं को ही गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक सास की टोकाटाकी और पति से शिकायत से आजिज होकर बहुओं ने लाठी-डंडे और खुरपी से वार उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को खेत में फेंक दिया।
विज्ञापन
सीओ ओबरा हर्ष पांडेय ने बताया कि 13 अगस्त की भोर में 65 वर्षीय जहुरन खातून की हत्या कर शव खेत में फेंक दिया गया था। बड़ी बहू रोजा खातून की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस की छानबीन में पता चला कि मृतका की चार बहुएं हैं और सभी के पति रोजगार के सिलसिले में बाहर रहते हैं।
घर पर अकेली रहने वाली तीसरी और चौथी बहू शायरा खातून पत्नी फहीमुद्दीन व शबीना खातून पत्नी जफरुद्दीन का बाहरी लोगों से मेलजोल था। इसे लेकर सास जहुरन खातून अक्सर उन्हें टोका करती थीं और अपने बेटों से शिकायत भी करती थीं।
विज्ञापन
इसी बात से नाराज होकर दोनों बहुओं ने योजना बनाकर 14 अगस्त की भोर में सास पर लाठी, डंडे और खुरपी से हमला कर हत्या कर दी। इसके बाद शव को पास के खेत में फेंक दिया। इस बाबत, प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार सिंह ने बताया कि पूछताछ में आरोपित दोनों बहुओं ने जुर्म कबूल कर लिया है। उन्हें गिरफ्तार कर शुक्रवार को न्यायालय भेज दिया गया।