रॉबर्ट्सगंज में मशाल जुलूस निकालते जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी। संवाद
सोनभद्र। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी नेतृत्व के आह्वान पर बृहस्पतिवार की देर शाम नगर में मशाल जुलूस निकाला। धर्मशाला चौराहे से बढ़ौली चौराहे तक जुलूस निकालकर भाजपा सरकार के विरोध में नारे लगाए। कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग पर सरकार के इशारे पर कार्य करने का भी आरोप मढ़ा।
इससे पहले पार्टी कार्यालय पर हुई प्रेस वार्ता में कांग्रेस के पूर्व विधायक व संगठन सृजन अभियान प्रयागराज जोन प्रभारी भगवती प्रसाद चौधरी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के इशारे पर चुनाव आयोग काम कर रहा है और वोट में हो रही गड़बड़ियों पर मौन साधे हुए है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं और जनता की ज्वलंत मुद्दों की आवाज बन चुके हैं। उनकी बढ़ती लोकप्रियता से बीजेपी बौखला गई है। उन्होंने कहा कि सरकारी संस्थाएं अब बीजेपी की कठपुतली बन चुकी हैं। विपक्षी नेताओं को डराने के लिए उनका दुरुपयोग हो रहा है। इस मौके पर प्रयाग जोन पर्सन राजेश द्विवेदी, जिलाध्यक्ष रामराज गोंड, जिला प्रवक्ता शत्रुंजय मिश्रा, पीसीसी सदस्य आशुतोष दुबे, युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष शशांक मिश्रा, जिला सचिव शीतला पटेल, नूरुद्दीन खान, कन्हैया पांडेय, संतोष मिश्रा, मृदुल मिश्रा, इश्तियाक अंसारी मौजूद रहे।