ओबरा (सोनभद्र)। नदी-तालाब के पानी में डूबने से हो रही मौतों का सिलसिला जारी है। इस बार जुगैल थाना क्षेत्र में पानी से भरे गड्ढे में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई। दोनों सगे भाई-बहन हैं। नहाने के दौरान वह गड्ढे में डूब गए। काफी प्रयास के बाद उनका शव बाहर निकाला गया। पिछले नौ दिनों में डूबने से अब तक 13 मौतें हो चुकी हैं।
ग्राम पंचायत जुगैल के टोला मुर्गीडाड़ निवासी अमृत लाल की पुत्री रजवंती (8) अपने भाई चंद्रदेव (6) के साथ बुधवार की दोपहर बाद घर से करीब 400 मीटर दूर सेउड़हवा नाले में नहाने गए थे। नाले में पानी सूख चुका है। पशुओं को पानी पीने के गड्ढा खोदा गया है। बताते हैं कि बच्चे इसी पानी में नहा रहे थे। घंटों बाद भी जब वह नहीं लौटे तो परिजन उन्हें ढूंढने पहुंचे।
गड्ढे के पास बच्चों के कपड़े पड़े थे, लेकिन बच्चे नदारद थे। डूबने की आशंका जताते हुए शोरगुल मचाना शुरू किया। गड्ढे में उतरकर तलाश की गई तो दोनों बच्चे के शव बरामद हुए। शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया। देर रात और नेटवर्क न होने के चलते परिजनों ने बृहस्पतिवार को ग्राम प्रधान के घर पहुंचकर घटना की जानकारी दी।
प्रधान प्रतिनिधि दिनेश यादव की सूचना पर पुलिस ने दोनों बच्चों के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। सीओ डॉ. चारु द्विवेदी ने बताया कि पानी भरे गड्ढे में डूबने से दो बच्चों की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आधार कार्ड में बच्चों की तस्वीर निहारता रहा पिता
सोनभद्र। जुगैल के मुर्गीडांड टोले में पानी से भरे गड्ढे में डूबने से भाई-बहन की मौत के बाद परिवार सदमे में है। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद पिता मासूम बच्चों की शरारतों को याद कर निढाल थे। उनकी आंखों से बस आंसू निकल रहे थे। आधार कार्ड में बनी बच्चों की तस्वीरों को वह कभी निहारते तो कभी होठों से लगाकर चूम रहे थे। पिता की यह वेदना सबके मन को वेध रही थी।
अमृतलाल मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करते हैं। उनकी पांच संतानों में तीन बेटियां और दो बेटे हैं। सबसे बड़ी सोमरिया (12), उत्तरा कुमारी (10) के बाद तीसरे नंबर पर रजवंती (8) और फिर चंद्रदेव (6) था। सबसे छोटा पुत्र चंद्रमणि एक साल का है। रुंधे गले से अमृत लाल ने बताया कि दोपहर बाद दोनों बच्चे घर से नहाने के लिए निकले थे। गड्ढे में बहुत पानी नहीं था, इसलिए किसी को अंदाजा भी नहीं था कि ऐसी घटना हो जाएगी।
15 दिन पहले भी डूबे थे दो बच्चे
जटिल बसावट वाले जुगैल गांव में करीब एक पखवाड़ा पहले भी तालाब में डूबने से दो बच्चों की मौत हुई थी। ग्राम पंचायत के बुट्टी टोला निवासी चार वर्षीय रंगीला और पड़ोसी तीन वर्षीय गांधी घर से करीब 50 मीटर दूर स्थित तालाब के पास खेल रहे थे। बच्चों को घर के बाहर खेलता छोड़ कुछ देर के लिए परिवार के लोग अंदर चले गए। थोड़ी देर बाद आए तो बच्चे नहीं थे। उनकी तलाश शुरू हुई तो दोनों के शव तालाब के अंदर पाए गए।