पन्नूगंज थाना क्षेत्र के बनौरा गांव में बरामद पोषाहार।
- फोटो : SONBHADRA
रामगढ़। पन्नूगंज थाना क्षेत्र के बनौरा गांव के ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार सुबह पोषाहार की कालाबाजारी करने की आशंका में दो बाइक सवारों को पकड़ लिया। दोनों के पास से चार बोरी में 200 पैकेट पोषाहार बरामद हुआ। जिला कार्यक्रम अधिकारी की तहरीर पर पन्नूगंज थाने में मुकदमा दर्ज हुआ। पुलिस एवं विभागीय स्तर पर जांच शुरू कर दी गई है।
बनौरा के ग्रामीणों का कहना है कि दो व्यक्ति बाइक पर चार बोरी में पोषाहार ले जाते देखे गए। ग्रामीणों ने कालाबाजारी की आशंका पर दोनों बाइक सवारों को पकड़ लिया। इसकी सूचना जिला कार्यक्रम अधिकारी अजीत कुमार सिंह को दी। मौके पर पहुंचकर जिला कार्यक्रम अधिकारी ने चार बोरियों में भरा 200 पैकेट अनुपूरक पोषाहार बरामद किया। पकड़े गए बाइक सवारों की पहचान विरेंद्र यादव और डब्लू निवासी जयमोहनी थाना नौगढ़ जनपद चंदौली के रूप में की गई। ग्रामीणों ने दोनों को संबंधित अधिकारियों को सौंप दिया। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने पन्नूगंज थाने में तहरीर देकर दोनों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कराया। इस संबंध में उन्होंने बताया कि पकड़े गए लोगों को पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया। पोषाहार कहां से आया इसकी जांच कर कार्रवाई की जाएगी।