सोनभद्र। राबर्ट्सगंज रेलवे क्रासिंग के समीप शनिवार को घेराबंदी कर पुलिस ने दो युवकों को चोरी की छह मोबाइल के साथ गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए युवक रात में घर में घुसकर मोबाइल चुराते थे। पूछताछ करने के बाद दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया गया।
शनिवार दोपहर सीओ राजकुमार त्रिपाठी को सूचना मिली कि मोबाइल चुराने वाले गिरोह के दो सदस्य राबर्ट्सगंज नगर में मौजूद हैं। उनके पास चोरी की कई मोबाइल भी है। सीओ के निर्देश पर फोर्स के साथ दरोगा शिवानी मिश्रा, अशोक यादव और प्रेमशंकर मिश्रा ने रेलवे क्रासिंग के समीप पहुंच कर संदिग्धों की तलाश की। इस दौरान पुलिस को देखते ही दो युवक भागने लगे। संदेह होने पर पुलिस कर्मियों ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। कोतवाल अंजनी कुमार राय ने बताया कि पकड़े गए चोर रायपुर थाना क्षेत्र के कम्हरिया गांव निवासी राजेश्वर सिंह पटेल और झरना निवासी अमित कुमार हैं। उसके पास से चोरी की छह मोबाइल बरामद हुई है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि रात में मोबाइल चुराकर बेचते हैं। उन्होंने अपने अन्य साथियों के बारे में भी जानकारी दी।
चोरी के आरोप में युवक को पीटा
सोनभद्र। सदर कोतवाली क्षेत्र के निपराज गांव में शुक्रवार की रात चोरी के आरोप में एक युवक को ग्रामीणों ने पीटकर जख्मी कर दिया। इसके बाद पुलिस को बुलाकर सौंप दिया। शुक्रवार की शाम करीब सात बजे कुछ लोगों ने मोबाइल चोरी करने के आरोप मेें एक युवक को पकड़ कर उससे पूछताछ की तो उसने मोबाइल घर पर रखने की बात कहीं। एक युवक उसके घर गया तो वह विवाद करने लगा। शोर-शराबा सुनकर कई लोग पहुंच गए और मोबाइल चोरी करने के आरोपी को पकड़ कर पीटने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने नाराज लोगों को समझा कर आरोपी को कोतवाली ले गई। इंस्पेक्टर का कहना है कि आरोपी के खिलाफ तहरीर मिलने पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।
दुकान का ताला तोड़कर हजारों की चोरी
वैनी। रायपुर थाना क्षेत्र के सिकरवार गांव में शुक्रवार की रात एक दुकान का ताला तोड़ कर चोर नकदी सहित हजारों का सामान लेकर फरार हो गए। सिकरवार गांव निवासी उमेश प्रजापति गांव में ही एक किराना की दुकान करते हैं। शुक्रवार की रात ताला बंद कर घर में सो रहे थे। रात में चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर नकदी समेत हजारों का सामान साफ कर दिए। सुबह जानकारी होने पर पहुंची पुलिन पीड़ित से तहरीर लेकर जांच में जुटी गई।