Sonbhadra News: सोनभद्र के शाहगंज थाना क्षेत्र में हुए दर्दनाक हादसे के बाद मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। पूछताछ में ग्रामीणों ने ही शव की शिनाख्त की। परिजन मौके पर पहुंच गए और दहाड़ मारकर बिलखने लगे।
शाहगंज थाना क्षेत्र शाहगंज बाजार से सटे भुडकुड़ा रोड तिराहे पर शनिवार की सुबह करीब सवा 11 बजे गैस सिलेंडर लदे ट्रक से कुचलकर साईकिल सवार व्यक्ति की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई में जुट गई हैं।
विज्ञापन
घटना के संबंध में बताया जा रहा हैं कि क्षेत्र के बरसोत गांव निवासी राकेश कुमार (41) पुत्र रामप्रताप अपनी साईकिल से कहीं जा रहा था। रॉबर्ट्सगंज-घोरावल रोड पर शाहगंज कस्बे के मां शिवदेवी महाविद्यालय के पास गैस सिलेंडर लदे ट्रक की चपेट में साईकिल सवार आ गया।
प्रत्यक्षदर्शीयों की मानें तो ट्रक का अगला और पिछला चक्का व्यक्ति के शरीर पर चढ़ गया, इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटनास्थल पर पहुंचे लोगों ने मृतक की पहचान की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, पुलिस ने सिलेंडर लदे ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की कार्रवाई में जुट गईं हैं।