वाराणसी-शक्तिनगर हाइवे पर थाना क्षेत्र के बैरपान के पास शनिवार को पशु आहार लेकर जा रहा ट्रक बेकाबू होकर पुलिया के नीचे गहरी खाई में पलट गया। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
खलासी ट्रक की केबिन में ही फंसा रहा। घंटों मशक्कत कर पुलिस ने उसे बाहर निकाला, मगर मौत हो गई थी। मप्र के रीवा निवासी पंकज केवट (23) और सिंगरौली के पड़री निवासी खलासी कमलेश अगरिया (40) बैढ़न से सरसों का खरी ट्रक में लादकर वाराणसी जा रहे थे।
बैरपान पेट्रोल पंप के पास मोर्चा नाला पुलिया पर ट्रक अनियंत्रित होकर पुल के नीचे 20 फीट गहरी खाई में गिर गया। चालक केबिन से कूदकर फरार हो गया और खलासी उसी में फंसा रह गया।
सूचना पर पुलिस ने पुलिया से नीचे उतरकर देखा तो खलासी नीचे की ओर पानी में फंसा हुआ था। करीब दो घंटे बाद क्रेन आई जिसकी मदद से खलासी को निकाला गया। एंबुलेंस से उसे अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
अनपरा एसओ एसपी वर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेजा गया है। परिजनों को भी सूचना दी गई है। चालक की तलाश की जा रही है।
हादसे के खतरे से किया था आगाह
बैरपान सहित अनपरा-रेणुकूट हाइवे की सभी पुलिया रेलिंग विहीन है। इसे लेकर अखबार ने 6 जून के अंक में पुल की सुरक्षा दीवार टूटने से खतरा नामक शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया था। इसके माध्यम से यहां सुरक्षा इंतजाम की जरूरत बताई गई थी, लेकिन जिम्मेदारों ने इस पर काेई गंभीरता नहीं दिखाई। नतीजा शनिवार को हुए हादसे में एक और जान चली गई। राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारी ने भी बताया था कि ठेकेदार को निर्देशित किया गया है, लेकिन ठेकेदार इस सड़क और पुल मरम्मत पर कोई कार्य नही कर रहा है।
दो घंटे में पहुंची क्रेन
करीब आठ माह पूर्व एनटीपीसी गेस्ट हाउस में डीएम ने परियोजनाओं और संबधित अधिकारियों संग बैठक कर निर्देश दिया था कि हाइवे पर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने के लिए क्रेन की व्यवस्था की जाए। अभी तक क्रेन की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। शनिवार को हुए हादसे में पुलिस को क्रेन की व्यवस्था करने में दो घंटे लग गए। अगर समय पर क्रेन मिल जाती तो शायद फंसे चालक की जान बचाई जा सकती थी।