ऑपरेशन सिंदूर की सफलता और भारतीय सेना के शौर्य को सलाम करने के लिए शनिवार को भाजपा ने रॉबर्ट्सगंज में तिरंगा यात्रा निकाली। भारत माता की जय और भारतीय सैनिकों के शौर्य के जयघोष से वातावरण गूंजता रहा।
इस दौरान डीजे पर बजते देशभक्ति गीतों पर कार्यकर्ता थिरकते रहे। सिविल लाइन स्थित होटल से निकली यात्रा नगर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंची।
भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल के नेतृत्व में निकली यात्रा में शामिल लोगों ने कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह की तस्वीर लेकर भारत की बहादुर बेटियों को दुश्मन को सबक सिखाने में अहम भूमिका निभाने पर धन्यवाद दिया।
मुख्य अतिथि काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप सिंह पटेल ने कहा कि हमारे भारतीय सेना के वीर रणबांकुरों ने पाकिस्तान के दांत खट्टे कर दिए। राज्य मंत्री संजीव कुमार गोंड ने कहा कि आपरेशन सिंदूर के माध्यम से भारत ने वीरता का प्रदर्शन किया।
यात्रा में जिला प्रभारी अनिल सिंह, विधायक डॉ. अनिल कुमार मौर्या, रमेश मिश्रा, पूर्व सांसद नरेंद्र कुशवाहा, अजीत रावत, जगदीश पटेल, शारदा खरवार आदि शामिल रहे।