करमा ब्लॉक के 28 ग्राम पंचायतों में पीने के पानी की समस्या गहरा गई है। इसे देखते हुए इन ग्राम पंचायतों में 42 टैंकर लगाए हैं। अन्य गांवों में भी पानी की समस्या होने पर टैंकर से पानी की सप्लाई की जाएगी।
इसके साथ ही ग्राम पंचायतों में हैंडपंप की मरम्मत और रिबोर कराया गया है। विकास खंड करमा में कुल 63 ग्राम पंचायतें हैं। भीषण गर्मी में हैंडपंप पानी छोड़ रहे हैं। क्षेत्र की नदी, तालाब में पानी न होने से पशु-पक्षियों को भी काफी दिक्कत हो रही है।
करमा ब्लॉक के 28 ग्राम पंचायतों में पानी की समस्या अधिक हैं। ग्रामीणों की मांग पर इन ग्राम पंचायतों में 42 टैंकरों से पानी की सप्लाई कराई जा रही है। इसमें मधुपुर एवं सुकृत में चार-चार टैंकर, नागनारहरैया एवं एवं तकिया में तीन-तीन टैंकर, जोगनी बागपोखर और मुबारकपुर में दो-दो टैंकर से पानी सप्लाई की जा रही है।
वहीं अन्य गांवों में एक-एक टैंकर से पानी सप्लाई कराई जा रही है। ग्राम पंचायतों में एक अप्रैल से लेकर अब तक 51 हैंडपंपों का रिबोर कराया जा चुका है और 657 हैंडपंप की मरम्मत की जा चुकी है।
इस संबंध में एडीओ पंचायत सुनील कुमार ने बताया कि जहां भी पानी की समस्या की जानकारी कंट्रोल रूम अथवा चाहे किसी भी माध्यम से आ रही है। वहां तत्काल पानी की व्यवस्था की जा रही है।