ग्राम पंचायत जुगैल के बड़काडाड़ टोला के 18 आदिवासियों ने जोतकोड़ की जमीन पर गलत तरीके से दूसरे को पट्टा किये जाने का आरोप लगाते हुए सोमवार से एसडीएम कार्यालय गेट के सामने क्रमिक अनशन शुरू कर दिया। आदिवासी विकास मंच के बैनर तले प्रदर्शन करते हुए नारे लगाए।
ग्रामीणों का कहना है कि इसके पूर्व गत सात जनवरी को ग्रामीणों ने एसडीएम को आंदोलन की नोटिस देते हुए न्याय की गुहार लगाई थी। कोई कार्रवाई न होने पर सोमवार से मंच के बैनर तले क्रमिक अनशन शुरू किया। पहले दिन गोरखनाथ, रामपति, ललिते, सियाराम और श्रीनाथ अनशन पर बैठे।
ग्रामीणों ने बताया कि क्रमिक अनशन पांच फरवरी तक चलेगा। न्याय नहीं मिलने पर छह फरवरी से 18 आदिवासी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठने के लिए विवश होंगे। इस दौरान आदिवासी विकास मंच के संयोजक हरदेव नारायण तिवारी, सह संयोजक एवं जिला कांग्रेस कमेटी सोनभद्र के उपाध्यक्ष बृजेश तिवारी, लक्ष्मण यादव, शमीम अख्तर खान, शिव प्रसाद खरवार, मंजू देवी, स्वतंत्र साहनी आदि शमिल रहे।