जिला अस्पताल में रविवार की रात में रोगियों का इलाज विलंब से शुरू होने पर भाजपाजनो ने हंगामा शुरू कर दिया। इससे घबराए स्वास्थ्य कर्मी मरीजों का इलाज करने में जुट गए। वहीं हंगामे की सूचना मिलते ही सीएमओ डॉ. यूके वर्मा अस्पताल पहुंच गए और स्वास्थ्य कर्मियों को जमकर फटकार लगाई। इसके बाद सीएमओ ने नाराज नेताओं को समझा-बुझाकर शांत कराया।
रात करीब 12 बजे जिला अस्पताल में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रमेश मिश्रा, भूपेश चौबे समेत अन्य नेता अपने परिचित सड़क हादसे में मृत एक महिला के परिवारीजनों से मिलने के लिए पहुंचे। इस दौरान नेताओं को कुछ तीमारदारों ने बताया कि एक घंटे से इमरजेंसी कक्ष में डाक्टर नहीं है। दो-तीन मरीजों की हालत बिगड़ती जा रही है। नेताओं ने इमरजेंसी कक्ष में जाकर देखा तो वहां कोई नहीं था इस पर उनका गुस्सा फूट पड़ा और वे स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। शोर-गुल शुरू होने पर ड्यूटी पर तैनात डाक्टर और स्वास्थ्यकर्मी पहुंच कर रोगियों का इलाज करना शुरू कर दिया।
इस दौरान नेताओं ने डाक्टर से ड्यूटी से गायब होने कारण पूछा तो उनका कहना था कि एक स्वास्थ्य कर्मी विवाद कर रहा था इसलिए वे लोग बाहर चले गए थे। भूपेश चौबे ने मोबाइल से सीएमओ इसकी सूचना दी। सीएमओ अस्पताल पहुंचे, वहां तैनात डाक्टर की जमकर क्लास ली। इसके बाद सीएमओ ने सभी रोगियों का समुचित उपचार और ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले स्वास्थ्य कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई करने का आश्वासन दिया तब भाजपाजन शांत हुए। रवि चौबे, राकेश गुप्ता, संतोष, राजू सिंह, भोला आदि मौजूद रहे।