दुद्धी सीएचसी के इमरजेंसी वार्ड में अँधेरे में ड्रेसिंग करते स्वास्थ कर्मी-संवाद
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में शुक्रवार को बिजली गुल होने के बाद जनरेटर नहीं चलने से अस्पताल का बड़ा हिस्सा करीब 20 मिनट तक अंधेरे में रहा। इस दौरान आईपीडी, ड्रेसिंग रूम और जनरल वार्ड में मरीजों का इलाज मोबाइल की रोशनी में करना पड़ा। इमरजेंसी और फार्मासिस्ट रूम में बिजली की व्यवस्था बनी रही।
गत चार नवंबर को सड़क हादसे में घायल तीन लोग शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे मरहम-पट्टी कराने सीएचसी पहुंचे थे। इसी दौरान ड्रेसिंग रूम की बिजली चली गई। जनरेटर तत्काल नहीं चलने से वार्ड बॉय को मोबाइल टॉर्च की रोशनी में ड्रेसिंग करनी पड़ी। वहीं, जनरल वार्ड में भर्ती बीमार बच्चे को भी नर्स ने मोबाइल की रोशनी में दवा दी। इस संबंध में सीएचसी अधीक्षक डॉ. वरुणा निधि ने बताया कि जनरेटर ठीक है और डीजल भी उपलब्ध है। किसी कारण से जनरेटर चलाने में देर हुई होगी। उन्होंने कहा कि अस्पताल में किसी तरह की दिक्कत नहीं है।