सोनभद्र। कलेक्ट्रेट के सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी एस. राजलिंगम की अध्यक्षता में जिला पर्यावरण समिति की बैठक हुई। इसमें डीएम ने जिला पर्यावरण समिति के सचिव प्रभागीय वनाधिकारी संजीव कुमार सिंह द्वारा प्रस्तुत सभी बिंदुओं का पालन करने का निर्देश संबंधितों को दिए। तिरपाल से ढंक कर कोयले का परिवहन करने का आदेश दिया।
उन्होंने कहा कि जिले मेें सभी प्रकार के प्रदूषणों को रोकने यानी नियंत्रित करने के संबंध में दिए गए दिशा-निर्देशों का पालन किया जाए। पॉलीथीन का इस्तेमाल कदापि न हों। सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट की व्यवस्था की सुनिश्चित करें। ट्रक आदि के परिवहन के समय यह ध्यान दिया जाय कि कोयला आदि सामग्री को त्रिपाल से ढक कर परिवहन करें। गांव के साथ ही शहरी क्षेत्रों में भी साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए। एएसपी ओ.पी. सिंह, एसडीएम सदर डॉ. कृपा शंकर पांडेय, क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी राधेश्याम, डीएसओ डॉ. राकेश तिवारी, एआरटीओ पी.एस. राय, डीपीआरओ विशाल सिंह, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी ओ.पी. यादव आदि मौजूद रहे।