ब्लाक संसाधन केंद्र पर बुधवार को प्रशिक्षु शिक्षकों ने जमकर हंगामा किया। आरोप लगाया कि एबीएसए जान बूझकर प्रशिक्षुओं को नगवां, चोपन, चतरा और राबर्ट्सगंज भेजवाना चाह रहे हैं। कहा कि चार माह तक घोरावल ब्लाक में ही विभिन्न विद्यालयों पर तैनात 190 प्रशिक्षु शिक्षकों का जब सैद्धांतिक प्रशिक्षण घोरावल बीआरसी पर होना था तब एबीएसए ने डायट पर सौ से ज्यादा प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण देने में असमर्थता का परिपत्र भेज दिया।
आरोप लगाया कि प्रशिक्षुओं को नक्सल प्रभावित छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड सीमा पर नगवां, चतरा, चोपन और बभनी ब्लाकों में भेजा गया है। इसमें महिला प्रशिक्षुओं की संख्या अधिक है। इतना ही नहीं नि:शक्तजनों के साथ भेदभाव पूर्ण रवैया अपनाया गया है। रागिनी सिंह, पूजा पांडेय, नित्या द्विवेदी, दुर्गावती, गीता सिंह, रोहित पाठक, दिनेश, वैशाली श्रीवास्तव आदि ने विरोध जताया।