डाला क्षेत्र के तेलगुड़वा-कोन मार्ग पर भूमि विवाद को लेकर चक्का जाम करते लोग।
- फोटो : SONBHADRA
डाला। चोपन थाना क्षेत्र के सलईबनवा गांव में तेलगुड़वा-कोन मार्ग पर भूमि संबंधित मामले को लेकर ग्रामीणों ने जाम लगा दिया। इसकी जानकारी होने पर वन दरोगा और पुलिस ने मौके पर पहुंच कर निर्माण कार्य बंद करवा कर मामला शांत कराया। करीब डेढ़ घंटे जाम लगने से सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम में फंसे लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ा।
जाम में शामिल महिलाओं ने कहा कि उनके घरों के पास दूसरे टोला के रहने वाला व्यक्ति जमीन पर मकान बनवाकर कब्जा कर रहा है। इसकी सूचना देने के बाद पुलिस प्रशासन काम बंद नहीं करवा रही है। उल्टे शिकायतकर्ताओं को डांट फटकार लगाती है। कहा कि उनके घरों के आसपास जो भूमि है उस पर उन लोगों का अधिकार है। कहा कि दूूसरे टोले के व्यक्ति को कब्जा नहीं करने दिया जाएगा। महिलाओं ने काम बंद कराने और अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की। जाम की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे वन विभाग की टीम नेे निर्माण कार्य की जांच की।
वन दरोगा ने कहा कि जिस स्थान पर पक्के मकान का निर्माण हो रहा है, वन विभाग की जमीन है। वहीं मकान निर्माण करा रहे व्यक्ति ने बताया कि उन्हें वह जमीन पट्टे पर सरकार ने दिया है। जिसकी नापी क्षेत्र के लेखपाल द्वारा कर के दी गई है, तब वह मकान बनवा रहा है। वन दारोगा और यूपी-112 के पुलिस कर्मियों ने पट्टे का कागजात मांगा तो वह मौके पर नहीं दिखा सका। इसके बाद पुलिस काम कराने वाले को हिरासत में ले लिया और जाम करने वालों को जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब महिलाएं मार्ग से हटी और आवागमन बहाल हो सका।