डाला बाजार में वर्षों से स्थापित दुकानों को ध्वस्त किए जाने के आदेश से व्यापारियों में नाराजगी है। मंगलवार की शाम व्यापारियों ने बैठक कर आंदोलन की रणनीति तैयार की।
चेतावनी दी कि अगर निजी कंपनी की ओर से ऐसा कोई कदम उठाया गया तो व्यापारी सड़क पर उतरेंगे। व्यापार मंडल के अध्यक्ष मुकेश जैन ने डीएम से भी वार्ता की। डीएम ने उन्हें प्रबंधन से वार्ता कर समाधान निकालने का आश्वासन दिया।
बैठक में दुकानदारों ने कहा कि 43 वर्ष पूर्व उत्तर प्रदेश सीमेंट निगम ने बाजार में 83 दुकानों को निर्माण कराकर उसे आवंटित किया था। वर्ष 2006 में सीमेंट फैक्ट्री का निजीकरण होने के बाद सभी दुकानदार किराया संबंधित कंपनी को देने लगे।
वर्ष 2017 में जेपी समूह ने सीमेंट फैक्ट्री को अल्ट्राटेक को बेच दिया। इसके बाद से दुकानों का किराया अल्ट्राटेक संस्थान को दिया जाने लगा। गत 3 माह से मुख्य मार्ग के पश्चिम दिशा में स्थित 18 दुकानों को कंपनी प्रबंधन के लोग ध्वस्त करने की कोशिश में है।
इसके लिए आए दिन दुकानदारों को परेशान किया जा रहा है। नोटिस दी जा रही है। इससे दुकानदार अपने रोजगार को लेकर भयभीत हैं। दुकानदारों ने चेतावनी दी कि अगर इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वह आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
बैठक की अध्यक्षता मुकेश जैन ने की। इस मौके पर विवेक पांडेय, अश्वनी गुप्ता, अरविंद सिंह, नरेश जैन, मुन्ना मोदनवाल, रवि पाठक, अन्नू गुप्ता, विनय गुप्ता, प्रेम कुमार आदि मौजूद रहे।