विंढमगंज थाना क्षेत्र के केवाल गांव में सोमवार को खेत की जोताई के दौरान ट्रैक्टर पलटने से चालक मुस्तफा अंसारी (35) की दबकर मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद युवक को ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकाला। घटना से परिवार में कोहराम मच गया है। केवाल गांव निवासी अजमेरूद्दीन अंसारी का पुत्र मुस्तफा अंसारी (35) बाहर रहकर काम करता था।
मुहर्रम के अवसर पर वह गांव आया था। परिजनों के मुताबिक गांव के ही एक युवक ने अपने खेत की जोताई कराने के लिए मुस्तफा को ट्रैक्टर चलाने के लिए बुलाया था। जोताई के दौरान अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर खेत में पलट गया, जिससे मुस्तफा उसके नीचे दब गया।
ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद ट्रैक्टर हटाकर मुस्तफा को बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पिता अजमेरूद्दीन अंसारी ने बताया कि मुस्तफा के तीन बच्चे अहमद रजा (9), तुफैल अंसारी (7) और तमन्ना (5) है।
आरोप लगाया कि हादसे के समय यदि खेत और ट्रैक्टर का स्वामी मौके से भागने के बजाय तत्काल मदद करता तो संभवतः मुस्तफा की जान बचाई जा सकती थी।
घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। एसओ संतोष सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।