शक्तिनगर। पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में ट्रैक्टर पलटने से एक महिला समेत चार लोगों की मौत हो गई। घटना शनिवार शाम चितरंगी थाना क्षेत्र के खमौनिहा गांव के पास हुई। घटना तब हुई जब ट्रैक्टर जोताई करके वापस जा रहा था। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
चितरंगी के प्रभारी निरीक्षक डीएन राज ने बताया कि ट्रैक्टर चालक खेत जोताई के लिए ग्रामीण अंचल में गया था। शाम को लौटते वक्त ट्रैक्टर के इंजन पर सुदा गांव के रहवासी तीन युवक सवार हो गए। ट्रैक्टर कल्टीवेटर पर एक डीजे बाक्स भी लाद दिया गया। चालक ट्रैक्टर लेकर खमौनिहा गांव के पहाड़ी वाले ढलान पर पहुंचा तो उसकी रफ्तार तेज हो गई। इस बीच सड़क पर खमौनिहा गांव की रहवासी महिला हीरमतिया (65) अचानक सड़क पर आ गई। महिला को बचाने में चालक ने नियंत्रण खो दिया और ट्रैक्टर ढलान पर कई पलटी मारते हुए काफी नीचे चला गया। इस हादसे में हीरालाल पनिका (32) व उजागीर सिंह गौंड़ (18) दोनों निवासी सुदा की घटना स्थल पर मौत हो गई। दुर्घटना में घायल हीरमतिया व संतकुमार(50) को इलाज के लिए ट्रामा सेंटर बैढ़न भेजवाया गया। रास्ते में संतकुमार ने दम तोड़ दिया। हीरमतिया बैढ़न अस्पताल तक जरूर पहुंची लेकिन डाक्टरों के प्रयास के बाद भी उसकी सांसे थम गई। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि घटना के बाद ट्रैक्टर का चालक फरार हो गया है उसकी तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया गया है।