नदी में चार बहे, दो के शव बरामद
-जिंदा बची किशोरी, लापता की खोज जारी
-जंगल से लकड़ी लेकर लौटते वक्त हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
शक्तिनगर। गांव से लकड़ी लेने जंगल गई महिलाएं व किशोरियां नदी के तेज बहाव में बह गईं। इसमे से एक महिला व किशोरी के शव को बरामद कर लिया गया, जबकि एक को जीवित बचा लिया गया। वहीं चौथी लापता किशोरी की तलाश की जा रही है। घटना पड़ोसी मध्य प्रदेश के सरई थाना में स्थित कोनी गांव की है।
पुलिस के मुताबिक महिलाओं संग किशोरियां लकड़ी लेने जंगल गई थी। लौटते समय चुनिया नदी में शुक्रवार की शाम सात बजे बारिश के बाद अचानक आए बहाव की चपेट में आने से मां-बेटी सहित चार महिलाएं बह गईं। नाले में बहे चार में से दो महिलाओं का शव पुलिस ने घटना स्थल से करीब आठ किलोमीटर दूर गोपद नदी के किनारे से शनिवार को बरामद किया। जबकि इसी हादसे में फंसी सुप्रिया सही सलामत बच गईं। दूसरी किशोरी प्रियंका लापता है जिसका पता लगाने प्रशासन व पुलिस रेस्क्यू पूरे दिन चला। देवसर एसडीएम विकास सिंह, एसडीओपी के साथ सरई के थाना प्रभारी संतोष तिवारी घटना स्थल पर पहुंच राहत व बचाव कार्य मे जुटे रहे। थाना प्रभारी ने बताया कि कोनी गांव निवासी उर्मिला (30) पत्नी श्रीकृष्ण जायसवाल, सुप्रिया (10) पुत्री श्रीकृष्ण जायसवाल, प्रियंका पुत्री श्रीकृष्ण जायसवाल (08) वर्ष और अन्नु (33) पत्नी बाबू राम जायसवाल जंगल में लकड़ी लेने गई थी। लौटते वक्त देर हो गई और अचानक बारिश शुरू हो गई। जैसे ही गांव स्थित चुनिया नदी पार कर रही थी उसी दौरान पहाड़ी नदी में तेज बहाव शुरू हो गया।